कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का पहला चरण शुरू होगा तीन सितम्बर से

0
222

देहरादून(संवाददाता)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर देवभूमि उत्तराखंड को आर्थिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में मजबूत करने का काम किया जायेगा और हर तबके के व्यक्ति की पूर्ण रूप से सहायता की जायेगी। उन्होंने आल वेदर रोड के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि आल वेदर रोड आज आल कष्ट रोड में तब्दील हो गई है।
यहां राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर कार्यक्रम की शुरूआत देवी देवताओं के आशीर्वाद से करेंगी। उन्होंने कहा कि आगामी तीन सितंबर को खटीमा से परिवर्तन यात्रा शुरू की जायेगी और शहीदों को नमन करते हुए इस यात्रा की शुरूआत की जायेगी। यह यात्रा तीन दिन चलेगी। उन्होंने कहा कि दूसरा चरण तराई क्षेत्र में होगा और परिवर्तन यात्रा तीसरा चरण गढ़वाल में, चौथा चरण हरिद्वार में होगा और जहां पर हरिद्वारी लाल के रूप में वह गन्ना व मंडुये को लेकर परिक्रमा की जायेगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य राज्य के सम्मान को ऊँचाईयो पर ले जाना है, और उत्तराखंडियत को आगे बढ़ाना है, देव भूमि को आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से आगे बढ़ाने का है।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के बाद एक बड़ी यात्रा निकालेंगें। उन्होंने कहा कि यह यात्रा मोरी से मुनस्यारी ओर टनकपुर से खानपुर तक यात्रा निकाली जायेगी और इससे जनता से संवाद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में वह एकांकी रहेंगे और स्थानीय कांग्रेसजन उनके साथ रहेंगें। उन्होंने कहा कि 2०17 में मिली हार पर जनता से पूछेंगे उनकी क्या गलती रही है। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में जन कल्याण की बहुत सी योजनाओं को निकाला था और आज वह सारी योजनाओं पर भाजपा की सरकार ने पानी फेर दिया है और महिलाओं तक की पेंशन बंद कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार राज्य में आने पर सभी पुरानी योजनाओं को पूर्व की भांति संचालित करने का काम किया जायेगा।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आल वेदर रॉड के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला और कहा कि आल वेदर रोड आल कष्ट रोड में तब्दील हो गई है और अगले 1० साल तक इस रोड़ से कष्ट मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि दो शब्द गढ़वाली व कुमायूंनी में बोलने वाला उत्तराखंड से सब कुछ लूटकर ले गया। इस पर भी मंथन करना होगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम उत्तराखंड को बनाया जायेगा और मजबूत करने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने बाल पोषाहार योजना में मिलने वाले अंडे व दूध को भी बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपने हर अभियान की शुरूआत जयश्री गणेश से करेगी और प्रदेश सरकार की कुनीतियों को जनता के बीच ले जाकर उनका विरोध किया जायेगा और देवभूमि को आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से मजबूत करने का काम किया जायेगा।

LEAVE A REPLY