विकासनगर(संवाददाता)। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में आज भी हजारों आंदोलनकारी चिन्हित होने से वंचित हैं, जिसका मुख्य कारण पुष्ट दस्तावेजों का अभाव है । कई वंचित आंदोलनकारियों ने दिन- रात एक कर आंदोलन में प्रतिभाग किया था तथा गिरफ्तारियां भी दी थी, जिनको गिरफ्तारी के पश्चात शाम को रिहा कर दिया गया था, लेकिन उनके पास इसका कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंनें कहा कि आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्िरक्रया को ढील के साथ सरकार को शुरू करना चाहिए।
यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा कि सरकार द्वारा पूर्व में 31 दिसम्बर 17 तक चिन्हीकरण करने के आदेश पारित किए गए थे, लेकिन उसके बाद आज तक कोई प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मोर्चा शीघ्र ही वंचित आंदोलनकारियों के पुन: चिन्हिकरण एवं मानकों में ढील को लेकर आंदोलन करेगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार व ओपी राणा आदि शामिल रहे।
