सपा कार्यकर्ताओं ने किया डीएम कार्यालय में प्रदर्शन

0
137

संवाददाता
देहरादून। उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त किये जाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डा. एस एन सचान के नेतृत्व में इकटठा हुए और वहां पर उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त किये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गये थे और चुनाव परिणामों में पार्टी के सर्वाधिक ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य विजयी हुए थे जब कि पंचायत अध्यक्ष का एवं क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष का नामांकन एवं मतदान हुआ उसमें उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं का अपहरण, मारपीट एवं गोलीबारी के माध्यम से चुनाव को पूर्ण रूप से तहस नहस कर लोकतांत्रिक मतदाताओं को तार तार ही नहीं किया अपितु संविधान को चुनौती दी है और जमकर गुडागर्दी की गई है। इस कारण उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया और उचित कार्यवाही करने की मांग की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डा. एस एन सचान, राजेन्द्र चौधरी, सुभाष पंवार, सईद अहमद, नसीम नददाफ सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।

LEAVE A REPLY