समाजवादी पार्टी का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन

0
210

संवाददाता
देहरादून। देश एवं राज्य में आसमान छूती महंगाई पर अविलंब अंकुश लगाये जाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया और कहा कि जल्द ही कार्यवाही न होने पर आंदोलन को तेज किया जायेगा।
यहां समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष मौहम्मद नासिर मंसूरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय में इकटठा हुए ओर वहां पर बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष मौहम्मद नासिर मंसूरी ने कहा कि पेट्रोल व डीजल निर्मित उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी से महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है और इससे मध्यम वर्ग के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल पर भारी भरकम टैक्स लगाने से पेट्रोल सौ रूपये और डीजल 9० रूपये पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरसों का तेल भी रूपये 22० प्रति लीटर मिल रहा है जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी से आम जनता की कमर टूट चुकी है और रेलवे किराया बढ़ाने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को मिल रही छूट समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दवाई सब्जियों के दामों में भी अधिक बढ़ोत्तरी हुई है और इसे नियंत्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यही वह सरकार है जो जब विपक्ष में थी तो महंगाई के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतर कर हल्ला मचाती थी और जब खुद का समय आया तो खामोशी से गुड़ खा कर बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि शायद केंद्र सरकार भूल गई है कि स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी बैलगाड़ी पर बैठकर संसद में पहुंचे थे और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आज भाजपा सरकार के राज में पेट्रोल व डीजल के रेट रूपये 1०० से अधिक होने पर भी सुध नही ले रही है और गैस भी की महंगी कर दी गई। उन्होंने कहा कि फ्री में गैस सिलेंडर बाट करके इस तरह से लोगों से पैसे वसूल रहे है। उन्होंने कहा कि महंगाई को नियंत्रित नहीं किया गया तो सपा सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के जरिये राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करते हुए महंगाई पर अंकुश लगाये जाने की मांग की गई। इस अवसर पर प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जे पी सक्सेना, प्रमुख महासचिव अविरल मिश्रा, महासचिव सैयद अहमद, उपाध्यक्ष नईम अहमद, सपा युवा नेता राशिद अहमद, हाजी शहजाद अहमद, वाजिद अहमद आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY