देहरादून(संवाददाता)। हरिद्वार के महाकुंभ में कोरोना जांच टेस्टिंग महाघोटाले की जांच हाई कोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में कराने की अपनी मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आहवान पर पूरे प्रदेश भर, जिला व शहर मुख्यालयों में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतले फूंकें और राजधानी में कांग्रेसजनों ने एस्ले हॉल चौक पर राज्य सरकार का पुतला फूंका।
यहां कांग्रेसजन बड़ी संख्या में कांग्रेस भवन में इकटठा हुए और वहां से प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्ले हॉल चौक पहुंचे और वहां पर हरिद्वार के महाकुंभ में कोरोना जांच टेस्टिंग महाघोटाले की जांच हाई कोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में कराये जाने की मांग को लेकर दून में महानगर कांग्रेसजनों द्वारा महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में एस्ले हॉल चौक पर राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी में भी आपदा में अवसर ढूंढने का प्रयास शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोरोना के दौरान सभी गतिविधियों पर रोक के कारण गरीब मजदूर, ठेली पटरी वाले व्यावसायी की रोजी-रोटी का जरिया भी बन्द हो चुका था ऐसे में भाजपा सरकार ने कुंभ में शामिल होने के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट की बाध्यता रखी गई तथा सरकार की नाक के नीचे करोड़ों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया। उन्होने कहा कि जीरो टॉलिरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार घोटालो में आकंठ डूबी हुई है। इस अवसर पर लालचन्द शर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी की आर.टी.पी.सी.आर जांच के नाम पर हरिद्वार कुम्भ के दौरान हुए महा घोटाले ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार में चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है तथा आम जनता के स्वास्थ्य की भी सरकार को कोई चिन्ता नहीं है। कोरोना महामारी में जहां एक ओर भाजपा सरकारें आम आदमी को ऑक्सीजन व जीवन रक्षक दवाइयों के लिए दर-दर भटकना पड़ा तथा भाजपा की सरकारें इंतजाम करने में पूरी तरह नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा कि परन्तु जिस प्रकार पीसीआर टेस्टिंग के नाम पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर करोडों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया वह निन्दनीय है।
