रूद्रप्रयाग(कोमल ग्रोवर)। जनपद में सुनार की दुकान का शटर तोडकर वहां से हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस कप्तान ने इलाके के थानाप्रभारी व पुलिस टीम को चोर गैंग को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाने का आदेश दिया था और पुलिस ने भी मात्र तीन दिन के भीतर दो चोरों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कप्तान ने चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई।
आज पत्रकारों से रूबरू होते हुए पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने बताया कि राकेश वर्मा निवासी मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग द्वारा कोतवाली रुद्रप्रयाग में आकर शिकायत की गयी कि, गत 19/2० जून की रात्रि को उनकी मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग स्थित गणेश ज्वेलर्स दुकान का शटर तोड़कर दुकान के अंदर से न जाने किसके द्वारा गहने इत्यादि चोरी कर लिये गये हैं। इस शिकायत के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को चोरों की तलाश में लगाया गया था। उन्होंने बताया कि जनपद के अंदर भी सभी थाना क्षेत्रान्तर्गत सख्ती से वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग इत्यादि प्रारम्भ की गई और कस्बा रुद्रप्रयाग में पी०डब्ल्यू०डी० तिराहे के पास चैकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को को प्रभारी निरीक्षक कुवर सिंह बिष्ट एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह कुमाईं द्वारा चैक किया गया। नाम पता पूछने पर उनके द्वारा अपना नाम गुलशेर एवं फरमान बताया गया इनकी हरकतें कुछ संदिग्ध सी प्रतीत होने पर इनको कोतवाली लाकर और सख्ती से पूछताछ करने पर इनके द्वारा बताया गया कि इन दोनों व इनका एक अन्य साथी फारुख जो 19/2० जून की रात्रि को गोपेश्वर चमोली से रुद्रप्रयाग आया था तथा रात्रि में उनके द्वारा ट्रक नंबर यूके 17 सीए 3०98 को रुद्रप्रयाग बाजार में खड़ा कर ट्रक की रौड निकालकर ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे गहने चुरा लिए थे, इसके पश्चात वे रात्रि में रुद्रप्रयाग से निकल गए परंतु रात्रि में नरकोटा के पास सड़क बंद होने के कारण वहां से वापस आकर तिलवाड़ा मयाली घनसाली रूट से हरिद्वार जाने के लिए निकले। पुलिस कप्तान ने बताया कि मयाली एवं घनसाली के मध्य ट्रक खराब होने के कारण वे ट्रक को वहीं खड़ा करके सामान को ट्रक में ही छिपाकर चले गए थे और अब मोटरसाइकिल से सामान एवं ट्रक को लेने के लिए रुद्रप्रयाग आ रहे थे।
उन्होंने बताया कि चोरों की निशानदेही पर घनसाली मयाली रोड के बीच खड़े हुए ट्रक सहित इनके द्वारा चोरी किया गया सामान, गहने एवं शटर का ताला तोडऩे में प्रयुक्त की गयी लोहे की रौड़ को बरामद किया गया है। चोरों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है और इनके कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद किये गये हैं जिसकी कीमत लाखों रूपये है। पुलिस कप्तान ने बताया कि इस चोरी की घटना में हरिद्वार निवासी मौहम्मद फारूख फरार है जिसकी तलाश में लगातार छापे मारे जा रहे हैं।
