देहरादून(संवाददाता)। कैंट विधानसभा की प्रमुख समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने गढ़ी कैंट छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र ही समस्याओं के समाधान की मांग की और कहा कि जल्द ही समस्यायें हल नहीं की गई तो आंदोलन को तेज किया जायेगा।
यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री नवीन जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गढ़ी कैंट स्थित छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी के कार्यालय में इकटठा हुए और वहां पर कैंट विधानसभा की अनेक समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यालय प्रभारी शैलेन्द्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर नवीन जोशी ने कहा कि कैन्ट विधानसभा क्षेत्र की कई मुख्य समस्यायें है जिनका समाधान किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरे देश में कोरोना महामारी अपने चरम पर है तथा महामारी विकराल रूप धारण कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बीमारी की दूसरी लहर समाप्त होने के पश्चात विशेषज्ञों द्वारा तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव हेतु पूरे क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूरे कैन्ट क्षेत्र में सैनिटाईजेशन का कार्य निरंतर जारी रखा जाय।
उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है तथा कैन्ट विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों यथाय दशहरा ग्राउण्ड, नेहरू पार्क, विंग नंबर 6, विंग नंबर 3 के आस-पास गंदगी के अम्बार लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गन्दगी के कारण बरसाती बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बरसात से पहले सफाई व्यवस्था कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के बचाव हेतु पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से कैन्ट विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में विद्युत व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा चुकी है। स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण आये दिन दुर्घटनायें एवं आपराधिक घटनाओं का भय बना रहता है। कैन्ट क्षेत्र में पथ प्रकाश की व्यवस्था ठीक नहीं है और स्ट्रीट लाईटों को शीघ्र दुरूस्त किया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण छोटे व्यापारियों, ठेली पटरी वालों के व्यवसाय के साथ ही रोजमर्रा की मजदूरी करने वाले लोगों के व्यवसाय पूरी तरह से ठप्प पडे हुए हैं तथा उनके सामने दो जून की रोटी का भी संकट खडा हो चुका है और ऐसे समय में कैन्ट बोर्ड की ओर से लिए जाने वाले टैक्स जमा करना इन लोंगों के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। कैन्ट क्षेत्र में सभी प्रकार के टैक्स मॉफ किये जांय जिससे लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र में लोगों को भवन निर्माण हेतु मानचित्र स्वीकृत करने के लिए कई माह तक इंतजार करना पड़ता है तथा अपने सारे काम छोड कर मानचित्र पास कराने के लिए छावनी परिषद के चक्कर काटने पड़ते हैं और जिसके कारण वे समय रहते अपना आवासीय मकान नहीं बना पाते हैं। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों के मानचित्र पास करने के लिए 15 दिन की समय सीमा निर्धारित की जाय। उन्होंने कहा कि जनहित में शीघ्र ही निर्णय लेते हुए समस्याओं का समाधान किया जाये। इस अवसर पर पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री मनीष कुमार ने भी केंट सीईओ से तत्काल समस्याओं के निराकरण की मांग करी और कहा कि कोरोना महामारी में कई मामलों में कैंट बोर्ड को लचीला रुख अपनाना चाहिए ताकि जनता को राहत मिल सके । इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी शैलेन्द्र वर्मा ने उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में पूर्व राज्य मंत्री व चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय संयोजक मनीष कुमार, प्रदेश सचिव जगदीश धीमान, पीयूष गौड कांग्रेस सेवा दल, अशोक मल्होत्रा, अशोक वर्मा, जहांगीर खान, राजेंद्र मौर्य, अंकित शर्मा सहित आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
