‘जीत जायेंगे हम तू अगर संग है…..’
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड में कोरोना काल के दौरान पहाडी जनपदों के गांववासियों के लिए समाजसेवी उमेश कुमार व गायकार जुबिन नौटियाल देवदूत बनकर अपना फर्ज निभाते हुये नजर आ रहे हैं और दोनो का एक ही विजन है कि राज्य के एक-एक इंसान का जीवन अनमोल है और उसे बचाना उनका भी धर्म है। इसी धर्म को निभाने के लिए एक बार फिर आज जुबिन व उमेश कुमार हैलीकाप्टर से राजधानी के दुरस्थ त्यूणी गांव पहुंचे और उन्होंने एकसाथ गीत गाते हुए कहा कि ‘जीत जायेंगे हम तू अगर संग है…..’।
उत्तराखण्ड के अन्दर जिस तरह से समाजसेवी उमेश कुमार ने कोरोना की पहली लहर में पहाडों में जगह-जगह राहत सामग्री पहुंचाकर सेवाभाव की ओर अपने कदम रखे थे उससे राज्य के अन्दर उनकी अलग पहचान बन गई और अब कोरोना की दूसरी लहर में जिस तरह से पिछले लम्बे समय से उमेश कुमार अपने फिल्मी सितारों, क्रिकेट स्टार के दोस्तों व गायकार जुबिन नौटियाल के साथ उत्तराखण्ड के पहाडी जनपदांे में राहत पहुंचाने के मिशन में आगे आ रखे हैं उससे वह राज्य के अन्दर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। आज सुबह गायकार जुबिन नौटियाल के साथ उमेश कुमार त्यूणी के दूरस्थ गांव में सहायता देने के लिए पहुंचे और वहां उन्होंने ऑक्सीमीटर, इंफ्रांरेड मशीन, मास्क, दवाईयां पहुंचाई और अपना मिशन साफ करते हुए कहा कि उनके लिए राज्य के हर इंसान की जिंदगी बचाना ही मिशन है और उनके इस मिशन को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री तीरथ ंिसह रावत का साथ मिल रहा है जिसकी वजह से वह पहाडों में बिना किसी रूकावट के अपने मिशन को आगे बढा रहे हैं।
