हरियाणा चुनाव में कमल खिलाने को पुष्कर की सौगंध

0
26

मुख्यमंत्री हरियाणा में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के मिशन पर
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री आज देश के कोने-कोने में अपनी प्रसिद्धि का जो झंडा गाड चुके हैं उसकी झलक जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी साफ देखने को मिली है। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विपक्ष को उखाड फेकने और वहां कमल खिलाने की सौगंध खाकर आवाम के मन में देश के प्रधानमंत्री द्वारा दस सालों मे किये गये विकास का जो आईना वह दिखा रहे हैं उससे वहां की जनता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रचार प्रसार देखकर उनकी कायल हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा में कमल खिलाने के लिए जहां बडी रैलियों में शामिल होने के लिए अपने कदम आगे बढ़ा रखे हैं तो वहीं उन्होंने सडकों में भी आम जनमानस के मन में कमल खिलाने का जो पाठ पढाना शुरू कर रखा है उससे वहां कांग्रेसी हल्कों में हलचल मची हुई है क्योंकि मुख्यमंत्री उसी तरह से आक्रामक प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं जैसे उन्होंने लोकसभा चुनाव में देश के अधिकांश राज्यों में जाकर विपक्ष को चुनावी रणभूमि में हराने के लिए अपने कदम आगे बढाये थे।
उत्तराखण्ड के इतिहास में कभी भी ऐसा देखने को नहीं मिला कि भाजपा ने अपने शासनकाल में राज्य के किसी पूर्व मुख्यमंत्री को देश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में राज्य दर राज्य चुनाव प्रचार के लिए भेजा होे? मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में मात्र छह माह के कार्यकाल में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत सरकार बनाकर अपने नाम का डंका बजा दिया था और तभी से ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर भाजपा हाईकमान की टीम में एक बडे राजनेता के रूप में अपनी पैठ बना चुके है। लोकसभा चुनाव में भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देश के अधिकांश राज्यों में आक्रामक प्रचार करने की कमान सौंपी थी और उसी के चलते उन्होंने देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों में प्रचार प्रसार कर विपक्ष के खिलाफ खुलकर आक्रामक रूख दिखाया था और उन राज्यों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खूब धमक देखने को भी मिली थी। दिल्ली, हिमाचल और उत्तराखण्ड में भाजपा ने अपनी बडी जीत का सेहरा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहनाया था। अब देश के चार राज्यों मे से जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा हाईकमान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को वहां चुनाव मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री ने जहां जम्मू-कश्मीर में जाकर कमल खिलाने के लिए वहां के जनमानस को एक बडा संदेश दिया तो वहीं वह इन दिनों हरियाणा की धरती पर भाजपा प्रत्याशियों को चुनावी संग्राम में जिताने की सौगंध खाकर वहां आक्रामक प्रचार की कमान संभाले हुये हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक प्रचार की कमान संभाल रखी है और वह वहां की जनता को साफ संदेश दे रहे हैं कि भाजपा विकास की राजनीति करती है जबकि कांग्रेस अपने शासनकाल में हमेशा भ्रष्टाचार करने का रिकार्ड ही कायम करती रही है। हरियाणा में हर तरफ कमल खिलाने के लिए पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री ने जहां हरियाणा में विशाल रैली में कमल खिलाने के लिए आम जनमानस से वचन लिया तो वहीं उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की भी उनसे अपील की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा की सड़कों पर भी नुक्कड जनसभायें कर युवा पीढी से लेकर बडों को हरियाणा के विकास के लिए कमल खिलाने का संकल्प दिलाया और कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार आने के बाद युवाओं को जहां नौकरियां मिलेंगी वहीं हरियाणा का चौमुखी विकास भी तेजी से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने के लिए जो सौगंध खाई है उससे भाजपा प्रत्याशियों को यह आभास हो रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जादुई प्रचार उनकी जीत का रास्ता तय कर रहा है।

LEAVE A REPLY